बिलासपुर। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी द्वारा कोटा स्थित कोटेश्वर धाम एवं मस्तूरी के प्रसिद्ध मल्हार मेला में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने पार्टी के स्टॉल पर पहुँचकर संगठन की विचारधारा के बारे में जानकारी प्राप्त की और सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की माटी, जल, जंगल और संसाधनों पर छत्तीसगढ़ियों का पहला अधिकार सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को क्षेत्रीय स्वाभिमान, स्थानीय रोजगार, किसान हित, श्रमिक अधिकार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों से अवगत कराया।
कोटेश्वर धाम और मल्हार मेले जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में लगे सदस्यता शिविरों में दिनभर उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में युवाओं ने पार्टी से जुड़कर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे पार्टी नेतृत्व ने इसे सकारात्मक संकेत बताया।
पार्टी के नेताओं का कहना है कि जनता में जो उत्सुकता और समर्थन दिखाई दे रहा है, वह इस बात का प्रमाण है कि लोग अब अपने अधिकारों और क्षेत्रीय अस्मिता को लेकर जागरूक हो रहे हैं। आने वाले समय में पार्टी द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह सदस्यता अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जा सके।


0 Comments