Hot Posts

6/recent/ticker-posts

मस्तूरी विधानसभा में स्वर्गीय लक्ष्मण मस्तुरिया जी की प्रतिमा स्थापना हेतु भूमि पूजन संपन्न – छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना



बिलासपुर। छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी बिलासपुर के तत्वावधान में मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार, लोकगायक एवं सांस्कृतिक पुरोधा स्वर्गीय लक्ष्मण मस्तुरिया जी की प्रतिमा स्थापना हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न किया गया।


इस अवसर पर ग्राम पंचायत मस्तूरी के जनप्रतिनिधियों, छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश टीम एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय लक्ष्मण मस्तुरिया जी ने अपने लोकगीतों एवं सांस्कृतिक योगदान के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। उनके सम्मान में प्रतिमा स्थापना क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का विषय है।


छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि लक्ष्मण मस्तुरिया जी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने अपने गीतों के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा, संस्कृति और लोकजीवन को जन-जन तक पहुंचाया। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और विरासत से जुड़ने की प्रेरणा देगी।


कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने भी प्रतिमा स्थापना के लिए अपना समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूत करेगी। भूमि पूजन के साथ ही प्रतिमा स्थापना की आगामी प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने का संकल्प लिया गया।


इस अवसर पर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, ग्राम पंचायत मस्तूरी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय लक्ष्मण मस्तुरिया जी के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

Post a Comment

0 Comments