Hot Posts

6/recent/ticker-posts

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना की प्रदेश स्तरीय बैठक सम्पन्न



रायपुर। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना की प्रदेश स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर के सभी जिलों से जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान, जनहित के मुद्दों तथा भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में सभी जिलों के जिला अध्यक्षों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे सदस्यता अभियान, संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनसमस्याओं के समाधान हेतु किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। विभिन्न जिलों में प्राप्त जनसमस्याओं पर दिए गए आवेदनों तथा उनके निराकरण की समीक्षा भी की गई।

संगठन से सहायता मांगने वाले लोगों के संबंध में चर्चा करते हुए निर्णय लिया गया कि संगठन के कार्यों को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को सदस्यता से जोड़ा जाए तथा संगठन के माध्यम से जनहित के कार्यों को और प्रभावी बनाया जाए।

बैठक में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों विशेषकर हसदेव अरण्य, तमनार एवं रायगढ़ क्षेत्र में हो रही जंगल कटाई तथा अवैध लकड़ी तस्करी के मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने इस विषय पर व्यापक जनजागरण एवं आंदोलन चलाने का निर्णय लिया।

बालोद जिले के उन 8 सेनानियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने किसानों के हित में संघर्ष करते हुए जेल यात्रा की। संगठन ने उनके साहस और संघर्ष को छत्तीसगढ़ के किसानों की आवाज बताया। साथ ही बालोद जिले में पीपीएचटी परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की सहायता कर उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति दिलाने वाले साथियों के कार्यों की भी सराहना की गई।

रायपुर जिले द्वारा मजदूर हित में किए गए कार्यों की जानकारी दी गई, जिसमें कई मृतक मजदूर परिवारों को मुआवजा दिलाने एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में संगठन की सक्रिय भूमिका रही। बलौदाबाजार जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती एवं उससे जनता को हो रही परेशानियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में किसानों को खेती-किसानी के लिए खाद की उपलब्धता में आ रही समस्याओं को गंभीर विषय माना गया। साथ ही पेट्रोल एवं डीजल के बढ़ते दामों से आम जनता, किसानों एवं मजदूरों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ पर चिंता व्यक्त की गई। इन मुद्दों पर जिलेवार आवेदन, ज्ञापन एवं आंदोलन की तैयारी करने का निर्णय लिया गया।

छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे नाबालिग बेटियों के गायब होने के मामलों पर भी बैठक में चिंता व्यक्त की गई। साथ ही प्रदेश के मूलनिवासी युवाओं को रोजगार से वंचित कर बाहरी लोगों को रोजगार देने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाते हुए इसके खिलाफ आवाज उठाने का निर्णय लिया गया।

संगठन ने औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की और संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवेदन देकर श्रमिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करने का निर्णय लिया।

प्रदेश के कई जिलों में जिला चिकित्सालयों की बदहाल स्थिति, पर्याप्त उपचार सुविधाओं के अभाव तथा मरीजों को हो रही परेशानियों पर भी चर्चा की गई। संगठन ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हेतु आवश्यक कदम उठाने की बात कही।

बैठक में यह भी सामने आया कि प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री खुलेआम जारी है। आबकारी विभाग को जानकारी देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने कहा कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाली परिस्थितियां छत्तीसगढ़ के भविष्य के लिए घातक हैं और इसके विरुद्ध जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।

प्रदेशभर में चल रहे सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए बताया गया कि बड़ी संख्या में लोग संगठन से जुड़ रहे हैं। संगठन विस्तार के तहत कई नए जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई।

बैठक में यह विशेष रूप से उल्लेख किया गया कि बड़ी संख्या में महिलाएं भी जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना से जुड़ रही हैं और छत्तीसगढ़ के हित, सम्मान एवं अधिकारों के लिए कार्य करने का संकल्प ले रही हैं।

बैठक के अंत में कहा गया कि संगठन का कार्य अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है। छत्तीसगढ़ की जनता क्षेत्रीय विकल्प के रूप में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रही है। संगठन ने संकल्प लिया कि छत्तीसगढ़ के जल, जंगल, जमीन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलनिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

जारीकर्ता:

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना

Post a Comment

0 Comments