मस्तूरी ब्लॉक के आमाकोनी गांव में खराब सड़क निर्माण का विरोध करेंगे - अजय सूर्या ब्लॉक अध्यक्ष मस्तूरी
मस्तूरी। मस्तुरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आमाकोनी में लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण सामग्री उपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के मस्तुरी ब्लॉक अध्यक्ष अजय सूर्या द्वारा जारी वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि नई बनी सड़क हाथ से छूते ही उखड़ रही है।
अजय सूर्या ने आरोप लगाया कि निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से जनता के टैक्स के पैसों का खुला दुरुपयोग किया गया है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की गुणवत्ता बेहद खराब है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए बनाई गई सड़क कुछ ही दिनों में टूटने लगी है, जिससे साफ जाहिर होता है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई है। सड़क की ऊपरी परत हाथ लगाने मात्र से उखड़ रही है, जो निर्माण में भ्रष्टाचार का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए तथा दोषी ठेकेदार, इंजीनियर और संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही खराब सड़क को तत्काल पुनः गुणवत्तापूर्ण तरीके से बनवाया जाए।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी अध्यक्ष अजय सूर्या ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क निर्माण में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करेगी।

0 Comments