बिलासपुर/मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कुकुर्दीकला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र में पर्याप्त स्टाफ और कर्मचारी पदस्थ होने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। आरोप है कि कई कर्मचारी निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंचते, जिससे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों की लापरवाही कोई नई बात नहीं है। बार-बार शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का मानना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की सख्ती के अभाव में कर्मचारियों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र की नियमित जांच कर कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय यह बना हुआ है कि आखिर शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं हो रहा है और जिम्मेदार अधिकारी इस पर क्या कार्रवाई कर रहे हैं।

0 Comments